Site icon UK NEWS MIRROR

अमित शाह का देवभूमि दौरा प्रेरणादायी, महाराज ने की सराहना

अमित शाह

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह का देवभूमि उत्तराखंड दौरा अत्यंत प्रेरणादायी रहा।

उनके इस दौरे ने जहां प्रदेश में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है, वहीं राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह इस बात का प्रमाण है कि हमारा केंद्रीय नेतृत्व देवभूमि उत्तराखंड को विकास की नई बुलंदियों पर ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को उत्तराखण्ड राज्य के 26वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन केवल एक सरकारी उत्सव नहीं है, यह हमारे संघर्ष, हमारे बलिदान और हमारे स्वाभिमान का दिन है। 09 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने हमें यह राज्य दिया था। जिसे संवारने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार चल रहा है। यह राज्य हमें खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा जैसे बलिदानों से मिला है।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि आज राज्य स्थापना दिवस पर हमें बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का सानिध्य मिला है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के रूप में श्री शाह ने जिस प्रकार जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया और सहकारिता के माध्यम से गांव-गांव को सशक्त करने का मंत्र दिया, वह हम सभी के लिए प्रेरणा है। उत्तराखण्ड जैसे सीमांत राज्य के लिए उनकी चिंता और केंद्र से मिलने वाला सहयोग अभूतपूर्व रहा है।

महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड आज विकास के नए आयाम छू रहा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और मुख्यमंत्री के ‘विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प के तहत हमने चारधाम यात्रा को सुगम बनाया है। केदारनाथ का पुनर्निर्माण, बद्रीनाथ मास्टर प्लान, और अब शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देना, यह सब हमारी सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर ले जा रहा है। हमारा प्रयास है कि पर्यटन केवल चारधाम तक सीमित न रहे, बल्कि हमारे वाइब्रेंट विलेज, हमारे होम-स्टे, हमारी लोक संस्कृति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और देहरादून में परेड ग्राउंड जैसे स्थलों का सौंदर्यीकरण, ये सब प्रधानमंत्री और अमित शाह के सहयोग से संभव हो पा रहा है। आज जब हम 26 वर्ष के युवा उत्तराखण्ड की बात करते हैं, तो हमारा लक्ष्य स्पष्ट है-पलायन को रोकना, युवाओं को रोजगार देना, और अपनी जड़ों से जुड़े रहना।

Exit mobile version