Site icon UK NEWS MIRROR

आठ राज्यों में 15 ठिकानों पर छापेमारी; पाकिस्तान के लिए जासूसी मामले के संदिग्धों के ठिकानों पर हुई तलाशी

नई दिल्ली: पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को देश के आठ राज्यों में 15 ठिकानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सिपाही मोती राम जाट की हालिया गिरफ्तारी के बाद की गई। उसे पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा गया था।
एनआईए ने दिल्ली, महाराष्ट्र (मुंबई), हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम और प. बंगाल में संदिग्धों के ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संवेदनशील वित्तीय दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। एनआईए के अनुसार, ये सामग्रियां पाकिस्तान आधारित खुफिया ऑपरेटरों की ओर से संचालित जासूसी रैकेट और भारत विरोधी आतंकी साजिश का हिस्सा हैं। जांच में पता चला है कि छापों में निशाना बनाए गए संदिग्धों के पाकिस्तानी ऑपरेटरों से संबंध थे और वे पैसे के लिए भारत में जासूसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। एनआईए ने 20 मई को मामला दर्ज कर सीआरपीएफ के निलंबित सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) मोती राम जाट को गिरफ्तार किया गया। जाट 2023 से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी को दे रहा था और इसके बदले विभिन्न चैनलों के जरिये धन प्राप्त कर रहा था। सीआरपीएफ ने जाट को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

Exit mobile version