Site icon UK NEWS MIRROR

इंडिगो का बड़ा फैसला: मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते दोहा, कुवैत समेत सात शहरों के लिए उड़ानें रद

नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइन ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण दोहा, कुवैत और शारजाह सहित क्षेत्र के सात स्थानों के लिए अपनी उड़ानों को 28 मार्च तक निलंबित कर दिया है।
यह एयरलाइन की संचालन योजनाओं में समायोजन का हिस्सा है, जिसके तहत यह 16 से 28 मार्च के बीच क्षेत्र के लिए 252 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी। शनिवार को जारी एक बयान में एयरलाइन ने कहा कि वह भू-राजनीतिक जोखिम, हवाई क्षेत्र की पाबंदियों, हवाई अड्डे की सीमाओं, बढ़ते ईंधन व बीमा लागत और अन्य अनिश्चितताओं को देखते हुए स्थिति की निगरानी जारी रखेगी।
बयान में कहा गया है कि एयरलाइन वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार क्षमता को समायोजित कर रही है जबकि आवश्यक कनेक्टिविटी बनाए रखी जा रही है। इन आवश्यक नेटवर्क समायोजनों के तहत दोहा, कुवैत, बहरीन, दम्माम, फुजैरा, रस अल खैमा और शारजाह के लिए योजनाबद्ध उड़ानें 28 मार्च निलंबित रहेंगी।”
बता दें कि 28 फरवरी से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग ने उड़ानों पर बड़ा असर डाला है। इस बीच, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस 15 मार्च को पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए कुल 72 निर्धारित और अस्थायी उड़ानें संचालित करेंगी।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा गया कि एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के लिए कुल 52 अस्थायी उड़ानें संचालित करेंगी। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि लगभग 500 भारतीय नागरिक कतर एयरवेज द्वारा संचालित उड़ानों से कतर से भारत और दुनिया के अन्य गंतव्यों के लिए रवाना हुए। उधर, एयर कनाडा ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अपनी टोरंटो-दुबई की सभी उड़ानों का संचालन एक मई तक निलंबित कर दिया है। एयरलाइन ने कहा कि वे उड़ान संचालन को तब फिर से शुरू करेंगे जब सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित होज जाएगा।

Exit mobile version