देहरादून। इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने मुख्यालय सहित देशभर के 51 क्षेत्रीय केंद्रों पर अपना 39वां दीक्षांत समारोह मनाया। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन रहे एवं विशिष्ट अतिथि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मौजूद रहे। उसी कड़ी में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून पर भी दीक्षांत समारोह मनाया गया जिसके मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर रमाकांत पाण्डेय थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, प्रोफेसर रमाकांत पाण्डेय ने सभी उपाधिधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा दीक्षांत समारोह की महत्ता को भारत की प्राचीन गुरूकुल प्रणाली से जोड़ते हुए उन्होंने बताया कि यह उपाधि केवल कागज का एक टुकड़ा मात्र नहीं है बल्कि यह वह सम्मान है जो कि आपको आपकी योग्तानुसार राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने की जिम्मेदारी देता है। इस अवसर पर इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने क्षेत्रीय केन्द्र, देहरादून के मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथिगणों के दीक्षांत समारोह में पधारने पर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया एवं क्षेत्रीय केन्द्र की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पढ़ी।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन में कहा- इस दीक्षांत समारोह में इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र देहरादून के 3584 शिक्षार्थियों को उपाधि प्रदान की गई जिनमें 2005 स्नातक डिग्री कार्यक्रम (55.9 प्रतिशत), 1213 स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रम (33.8 प्रतिशत), 144 स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम (4.0 प्रतिशत), 122 डिप्लोमा कार्यक्रम (3.4 प्रतिशत), 10 एडवांस डिप्लोमा कार्यक्रम (0.3 प्रतिशत), 16 स्नातकोत्तर प्रमाणपत्र कार्यक्रम (0.4 प्रतिशत) एवं 74 प्रमाणपत्र कार्यक्रम (2.1 प्रतिशत) के शिक्षार्थी सम्मिलित हैं। लगभग 8 प्रतिशत विद्यार्थी विभिन्न रोजगारपरक कार्यक्रमों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 4 प्रतिशित अधिक विद्यार्थी डिग्री प्राप्त कर रहे हैं। यह इस बात को दर्शाता है कि इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, देहरादून द्वारा प्रदान की जा रही शैक्षणिक सेवाओं का इग्नू के विद्यार्थियों पर अनुकूल प्रभाव पड़ा है। डिग्री प्राप्तकत्ताओं में 51.1 प्रतिशत पुरूष तथा 48.9 प्रतिशत महिलायें हैं।
डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि इस दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले 76 विद्यार्थियों ने अपनी उपाधि प्राप्त की। 58.9 प्रतिशत (2112) विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उपाधि प्राप्त की है। अगर देखा जाये तो लगभग 61 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की है जो कि क्षेत्रीय केन्द्र के लिए गौरव का विषय है। पिछले वर्ष की तुलना में यह आंकड़ा 3 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बताया कि इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, देहरादून के शिक्षार्थी सुमित जोशी को वित्तीय प्रबंधन में एम.बी.ए के लिए तथा रागिनी रावत को पर्यावरण विज्ञान में एम.एस.सी. के लिए इग्नू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में संपन्न हुए दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इस अत्यंत गौरव और खुशी के अवसर पर उपाधिधारकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आपकी मेहनत, समर्पण और दृढ़ निश्चय ने आपको इस मुकाम तक पहुँचाया है और यह उपलब्धि आपके उज्ज्वल भविष्य की एक मजबूत नींव है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार, उप निदेशक, इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, देहरादून ने किया तथा डॉ. जगदम्बा प्रसाद, सहायक क्षेत्रीय निदेशक ने शिक्षार्थियों के उपाधि वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई एवं श्री संदीप कुमार, सहायक कुलसचिव, इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, देहरादून ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस कार्यक्रम में इग्नू अध्ययन केन्द्रों के समन्वयक, सहायक समन्वयक एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आमंत्रित शिक्षाविद् एवं प्रिंट एवं इलैक्ट्रॉनिक मीडिया से आये हुए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस समारोह में इग्नू के कर्मचारीगण आशुतोष रावत, राखी अग्रवाल, निशांत कुमार शर्मा, रविन्द्र सिंह, दीप प्रसाद, संतोष वर्मा, सुरेश सिंह, रितु सैनी, निधि राणा, प्रदीप पाल, चैन सिहं उपस्थित थे।
