-
सड़क निर्माण से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पेयजल सुविधाओं तक के कार्यों को मिली वित्तीय स्वीकृति
-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम घोषणाओं के तहत दी मंजूरी
देहरादून। उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों के विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत स्वीकृत इन कार्यों में सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण, पेयजल सुविधा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।
टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के समीप धर्मशाला, कक्ष और शौचालय निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर ब्लॉक की ग्राम सभा बड़ोला के उरमण तोक स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण के लिए 36.19 लाख रुपये, जबकि डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए 79.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 47.69 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग के निर्माण के लिए 29.84 लाख रुपये दिए जाएंगे। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इस कार्य के लिए पहली किस्त में 56.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत ठांटा के ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 81.96 लाख रुपये के सापेक्ष 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 614 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ चालू वित्तीय वर्ष में 5 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।
हरिद्वार जिले के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.66 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 100.43 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित कार्यों के लिए 184.37 लाख रुपये और चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए 220 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।


