नई दिल्ली। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 पर गये तीर्थयात्रियों का पहला जत्था आज नाथू ला दर्रे से होते हुए चीन में प्रवेश कर गया, जिससे उनकी आगे की यात्रा का शुभारंभ हुआ। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने पर्यटन मंत्री शेरिंग थेनडुप भूटिया की उपस्थिति में जत्थे को झंडी दिखाई।
इस जत्थे में दो संपर्क अधिकारियों और एक चिकित्सा अधिकारी सहित 41 तीर्थयात्री और चार सहायक कर्मचारी शामिल हैं, जिससे इस दल की कुल संख्या 47 हो गई।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीर्थयात्रियों के आज ग्यांग्ज़े पहुंचने की उम्मीद है। मानसरोवर परिक्रमा 27 जून को निर्धारित है। पहला जत्था पहली जुलाई को गंगतोक लौटेगा।
