नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस से पहले संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्य को बढ़ावा देने के लिए एक पखवाड़े तक चलने वाला अभियान शुरू करेगी। इस अभियान का उद्देश्य संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका के बारे में जागरूकता फैलाना है। यह अभियान विपक्षी पार्टियों द्वारा भाजपा पर संविधान को कमजोर करने के आरोपों के बीच शुरू किया जा रहा है। पार्टी ने इसे संविधान गौरव अभियान का नाम दिया है, जो 11 जनवरी से शुरू होगा। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि संविधान गौरव अभियान का विशेष ध्यान उन जिलों पर केंद्रित होगा, जहां अनुसूचित जातियों की संख्या अधिक है।
भाजपा ने इस अभियान की अगुवाई के लिए अपने तीन राष्ट्रीय महासचिवों विनोद तावड़े, तरुण चुघ और दुष्यंत कुमार गौतम को नियुक्त किया है। तावड़े को अभियान का संयोजक बनाया गया है। पार्टी पूरे देश में 50 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगी और स्थानीय स्तर पर भी कई कार्यक्रम होंगे। इस अभियान के तहत पार्टी विशेष रूप से छात्रों तक पहुंचेगी और संविधान के मूल्यों को समझाएगी। पार्टी के नेताओं का कहना है कि अभियान में डॉ. आंबेडकर के योगदान को भी प्रमुखता से उजागर किया जाएगा। मोदी सरकार ने ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ के टैगलाइन के साथ संविधान की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर एक अन्य अभियान भी शुरू किया है।
गणतंत्र दिवस से पहले भाजपा का देशव्यापी ‘संविधान गौरव अभियान’
