Site icon UK NEWS MIRROR

गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अल नीनो के कारण कम वर्षा की स्थिति की समीक्षा की

नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह तथा कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अल नीनो के कारण देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा और उसके प्रभाव की स्थिति की समीक्षा बैठक की।

श्री शाह ने कहा कि सरकार अल नीनो के कारण देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा और संभावित सूखे की स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है। उन्होंने कृषि मंत्रालय और सभी संबंधित मंत्रालयों को सतर्क रहने और किसानों को उपयुक्त फसलों की बुवाई के बारे में सलाह देने के लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया।

श्री शाह ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को देश भर के सभी जल भंडारों की निगरानी करने का निर्देश दिया। श्री शाह ने विद्युत मंत्रालय के सचिव को बिजली की सुचारू और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

श्री शाह ने यह भी निर्देश दिया कि गृह मंत्रालय की अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम को असम और अरुणाचल प्रदेश भेजा जाए ताकि हाल ही में हुई भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन किया जा सके। असम के कई जिलों में बाढ़ का जलस्तर बढ़ रहा है और अरुणाचल प्रदेश के कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरोध की समस्या है।

Exit mobile version