Site icon UK NEWS MIRROR

गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के अलवर में 6,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

अलवर/नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं, गरीबों, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार इन वर्गों पर विशेष ध्यान दे रही है। श्री शाह आज राजस्‍थान के अलवर में राज्य के 17 जिलों में छह हजार चार सौ करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला और लोकार्पण करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के विकास और कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक एक भी वर्ष ऐसा नहीं रहा जब मोदी सरकार ने किसानों के लिए कोई बड़ी योजना शुरू न की हो। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी में लगातार वृद्धि की गई है।

श्री शाह ने कहा कि दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने की अपार क्षमता है और गुजरात के किसानों ने इसे साबित कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में अधिक दूध देने वाली गायों और भैंसों की नस्लें राजस्थान के हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों के बैंक खातों में सीधे धनराशि अंतरित की।

Exit mobile version