Site icon UK NEWS MIRROR

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी और खेल मंत्री ने दी बधाई

नई दिल्ली।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्लासगो राष्‍ट्रमंडल खेलों में देश के खिलाड़ियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए 13 स्वर्ण पदकों में से 8 पदक देश की महिलाओं के जीतने पर प्रसन्‍नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्ट्रपति ने सभी 39 पदक विजेताओं और खेलों के दौरान योगदान देने वाले दल के प्रत्येक सदस्य को शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, राष्ट्रपति मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया कि देश के खिलाड़ी भविष्य के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश को और अधिक गौरवान्वित करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लासगो राष्‍ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में मोदी ने भारतीय दल के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया और भारत द्वारा 13 स्वर्ण पदकों सहित 39 पदक जीतने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतिस्‍पर्धाओं के दौरान, भारत के प्रतिभाशाली एथलीटों ने असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत देश के युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। उन्‍होंने भारतीय दल को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखेंगे और देश को और अधिक गौरवान्वित करेंगे।

युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ग्‍लास्‍गो राष्‍ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के चौथा स्‍थान प्राप्‍त करने पर सराहना की है। भारत ने इन खेलों में 39 पदक प्राप्‍त किए हैं, जबकि पिछले संस्‍करण में 30 पदक हासिल किए थे। डॉ. मांडविया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कुशल नेतृत्‍व में भारतीय खेल प्रतिभाओं की प्रगति स्‍पष्‍ट रूप से दिखाई पड़ती है। उन्‍होंने प्रत्‍येक एथलीट, कोच और सहयोग कर्मियों पर गर्व व्‍यक्‍त किया, जिन्‍होंने राष्‍ट्रीय ध्‍वज तिरंगे के सम्‍मान के लिए अपना श्रेष्‍ठ प्रदर्शन किया।

डॉ. मांडविया ने कहा है कि भारत राष्‍ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी के लिए तैयार है, जो इन खेलों का शताब्‍दी वर्ष होगा। उन्‍होंने कहा कि सरकार खेलों के इतिहास में सबसे शानदार आयोजनों में से एक को आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version