छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। छिंदवाड़ा से बैतूल जा रही पैसेंजर ट्रेन शहर के चार फाटक क्षेत्र के पास अचानक दो हिस्सों में बंट गई। चलती ट्रेन की तकनीकी कपलिंग टूटने से पीछे के तीन डिब्बे इंजन और बाकी कोच से अलग हो गए। गनीमत यह रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी। इसी कारण डिब्बे पटरी से नहीं उतरे और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
स्सों में बंटते ही जोरदार झटका लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक यात्रियों को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है। पीछे छूटे तीनों डिब्बे मौके पर ही पटरी पर रुक गए, जबकि इंजन शेष डिब्बों को लेकर कुछ दूरी आगे जाकर ठहर गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि तकनीकी खराबी के चलते कपलिंग टूट गई थी। मौके पर ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया और करीब 20 मिनट बाद डिब्बों को दोबारा जोड़कर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि ट्रेन की रफ्तार अधिक होती तो डिब्बे पटरी से उतर सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल कपलिंग में आई खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।
