Site icon UK NEWS MIRROR

धर्मनगरी में फिर छाया सन्नाटा, बारिश के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित

जम्मू: बारिश और भूस्खलन के खतरे के चलते वैष्णो देवी यात्रा को एक बार फिर से सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया। श्रद्धालुओं में निराशा का माहौल है, जबकि प्रशासन ने मौसम सुधरने पर यात्रा दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया है।
वैष्णो देवी की यात्रा बुधवार को शुरू होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान करने लगे और धर्मनगरी में रौनक लौट आई। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और भवन क्षेत्र में बारिश होने लगी।
बारिश के कारण पारम्परिक मार्ग पर जगह-जगह फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से एक बार फिर यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया। 5.45 बजे श्राइन बोर्ड ने तुरंत पंजीकरण कक्ष बंद करने के निर्देश जारी कर दिए ताकि नए श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा की अनुमति न दी जा सके। वहीं, जो श्रद्धालु पहले ही भवन की ओर रवाना हो चुके थे उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया गया।
जो यात्री धर्मनगरी कटड़ा भवन जाने के लिए पहुंचे थे मायूस नजर आए, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद उन्हें माँ के दरबार के दर्शन का मौका मिलने वाला था। प्रशासन का कहना है कि मौसम के सुधरते ही यात्रा को पुन शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। धर्मनगरी कटड़ा में होटल व्यवसायियों और स्थानीय दुकानदारों ने भी निराशा जताई है। उनका कहना है कि यात्रा बंद होने से न सिर्फ श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय कारोबार पर भी गहरा असर पड़ रहा है। फिलहाल सभी की निगाहें मौसम और श्राइन बोर्ड के अगले आदेश पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version