नई दिल्ली। बैंकों ने आरबीआई से नई विदेशी मुद्रा सीमा का पालन करने के लिए तीन महीने का समय देने का आग्रह किया है। बैंकों ने कहा कि अगर इसे जल्दबाजी में लागू किया गया तो अफरातफरी मच सकती है और नुकसान हो सकता है।
आरबीआई ने भारतीय रुपये की गिरावट को रोकने और सट्टा व्यापार पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से बैंकों को निर्देश दिया है कि वे आनशोर रुपये में अपनी दिन की अंतिम ओपन पोजिशन को 10 करोड़ डॉलर तक सीमित करें।
केंद्रीय बैंक ने सभी वाणिज्यिक बैंकों को 10 अप्रैल तक दैनिक सीमा अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है। आनशोर स्थितियों पर सीमाएं लगाने का यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब रुपये पर दबाव बढ़ रहा है। यह फैसला लेने की वजह तेल की कीमतों में तेजी और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) का बड़े पैमाने पर बाहर जाना है।
हालांकि, नए नियमों की अधिसूचना जारी होने के बाद स्थानीय और विदेशी दोनों तरह के बैंकों के वरिष्ठ ट्रेजरी अधिकारियों ने आरबीआई के अधिकारियों से मुलाकात की और अपनी चिंताएं बताईं। उन्होंने कहा कि इन नियमों की वजह से नॉन-डिलिवरेबल फॉरवर्ड (एनडीएफ) और आनशोर बाजारों के बीच होने वाले आर्बिट्रेज सौदों को अचानक खत्म करना पड़ सकता है।
इससे बैंकों को इन सौदों पर संभावित नुकसान का जोखिम उठाना पड़ सकता है। दो बैंकों के अधिकारियों ने कहा कि समयसीमा बढ़ाने से तनाव कम होगा और इससे बैंकों को अपनी मौजूदा स्थितियों को स्वाभाविक रूप से परिपक्व होने देने का मौका मिलेगा। एक बैंकर ने कहा कि चूंकि ज्यादातर आर्बिट्रेज आर्बिट्रेज स्थितियां एक से तीन महीने की अवधि वाली होती हैं, इसलिए समयसीमा बढ़ाने से उन्हें परिपक्व होने का समय मिल जाएगा।
बैंकरों ने यह भी कहा कि समयसीमा बढ़ाने के अलावा आरबीआई उन्हें अपनी मौजूदा स्थितियों को तब तक बनाए रखने की अनुमति दे जब तक कि वे परिपक्व नहीं हो जाएं। शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 94.84 पर पहुंच गया। इस साल की शुरुआत से अब तक रुपये में पांच प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।
