Site icon UK NEWS MIRROR

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, स्थानीय समस्याओं के समाधान और अन्य सामाजिक कार्यों में लोगों के प्रयासों की सराहना की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सामाजिक कार्यो में असाधारण योगदान करने के लिए आज अनेक नागरिकों की सराहना की और उनके प्रेरणादायक कार्यों और उपलब्धियों का उल्‍लेख किया। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में राष्‍ट्र को संबोधित करते हुए केरल के साजी वलाशेरिल के बारे में बात की। ये निशुल्‍क तैराकी क्‍लब चलाते हैं जिसमें 15 हजार से ज्‍यादा लोगों को तैराकी सीखने में सहायता की गई है। प्रधानमंत्री ने उत्‍तर प्रदेश में बस्‍ती के आकाश गुप्‍ता के प्रयासों का भी उल्‍लेख किया जिन्‍होंने अपने मित्रों के साथ मनोरमा नदी को साफ करने का अभियान चलाया जिससे नदी को स्‍वच्‍छ रखने में मदद मिली। उन्‍होंने समाज में पर्यावरण जागरूकता को प्रोत्‍साहन देने का अभियान भी चलाया। श्री मोदी ने गोवा के सेवानिवृत्‍त अध्‍यापक बालकृष्‍ण अइया की कहानी भी साझा की जो पानी के संकट से निपटने के लिए पानी के पाईप बिछाते हैं।

देश की खेल उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने खिलाडी गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार को झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्‍स फैडरेशन प्रतिस्‍पर्धा में नए राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी।

श्री मोदी ने देश की अमूल्‍य सांस्‍कृतिक विरासत को संरक्षित करने के सरकार के जारी प्रयासों पर भी बात की। प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड की हाल की अपनी यात्रा का उल्‍लेख किया, जहां एक विशेष समारोह के दौरान चोल काल के प्राचीन ताम्रपत्र भारत को वापस किए गए। उन्‍होंने कहा इन बहुमूल्‍य कलाकृतियों की वापसी से लोगों के बीच, विशेष रूप से पूरे विश्‍व में तमिल समुदाय में उत्‍साह और गर्व का माहौल बना है।

प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे पहल के अंतर्गत संरक्षण के प्रयासों की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश की एक नहर में फंसी गंगा डॉलफिन को भारत की पहली गंगा डॉलफिन बचाओ एम्‍बुलेंस की मदद से सफलतापूर्वक बचाया गया है।

देश में भीषण गर्मी पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री ने इस संबंध में लोगों से सरकारी सलाहों पर अमल करने का अनुरोध किया और सुरक्षित रहने के लिए ऐतिहातन कदम उठाने को कहा। गर्मी के मौसम के पसंदीदा फल आम का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने किसानों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि भारतीय आम अब देशभर के गांवों से निकलकर वैश्विक बाजारों में पहुंच रहे हैं।

Exit mobile version