Site icon UK NEWS MIRROR

प्रधानमंत्री ने 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आंध्र प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है और केंद्र सरकार व्यापक अवसंरचना और औद्योगिक विकास के माध्यम से स्वर्ण आंध्र और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हवाई अड्डे, सड़क और ऊर्जा अवसंरचना सहित लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं केंद्र और राज्य में एनडीए सरकारों के नेतृत्व में राज्य की तेज प्रगति को दर्शाती हैं।

श्री मोदी ने नए हवाई अड्डे को आंध्र प्रदेश, विशेषकर उत्तरी आंध्र प्रदेश के विकास का मार्ग और राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है और यह नाम आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और जनसेवा की भावना से प्रेरित करेगा।

प्रधानमंत्री ने भारत के नागर विमानन क्षेत्र के तेजी से होते विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में परिचालित हवाई अड्डों की संख्या 2014 में 74 से बढ़कर 166 हो गई है और उड़ान योजना ने आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को किफायती बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के हाल ही में शुरू किए गए दूसरे चरण से क्षेत्रीय संपर्क और मजबूत होगा।

Exit mobile version