Site icon UK NEWS MIRROR

भाजपा वंदे मातरम् के प्रति जागरूकता और गायन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी वंदे मातरम् के प्रति जागरूकता फैलाने और इसके गायन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगी। नई दिल्ली में आज पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह निर्णय पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक में लिया गया। प्रवक्ता ने कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कथित तौर पर दो श्लोकों के बाद राष्ट्रीयगीत वंदे मातरम् का पाठ रोकने का आरोप लगाते हुए कड़ी आलोचना की।

श्री पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने हाल में एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें वर्ष 1937 के अपने प्रस्ताव का हवाला देते हुए वंदे मातरम् के केवल पहले दो श्लोकों के गायन की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय गीत की अवहेलना करने का प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी वंदे मातरम् गाने की बात कही थी। पात्रा ने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्र का मंत्र है और इसका उद्देश्य हिंदू और मुसलमानों को विभाजित करना नहीं है।

Exit mobile version