महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों ने शोक व्‍यक्‍त किया

नई दिल्ली। दिग्गज पार्श्व गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों से शोक संदेश आ रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गायिका के निधन पर शोक व्यक्त किया। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि आशा भोसले के निधन से संगीत जगत में एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आशा भोसले की बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें विभिन्न शैलियों में सहजता से गायन करने की क्षमता प्रदान की, उन्होंने भावपूर्ण ग़ज़लों और पारंपरिक भजनों में महारत हासिल की और भारतीय संगीत पर एक अमिट छाप छोड़ी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। उन्होंने कहा कि दशकों तक फैले उनके असाधारण संगीतमय सफर ने देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ।

गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पद्म विभूषण से सम्मानित गायिका के निधन पर शोक व्यक्त किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी संगीत की बहुमुखी प्रतिभा को उजागर किया और उस घटना को याद किया जब आशा भोसले ने उन्हें अपना सबसे प्रसिद्ध गीत ‘अभी ना जाओ छोड़ कर’ गाने के लिए कहा था।

प्रसिद्ध संगीतकारों और गायकों से लेकर प्रमुख अभिनेताओं तक, मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने दिग्गज गायिका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी कला और विरासत के अमिट प्रभाव को स्वीकार किया।अभिनेत्री और राजनीतिज्ञ हेमा मालिनी ने अपना दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आशा जी ने अपनी अनूठी आवाज और शैली से कई गीतों को लोकप्रिय बनाया।

संगीतकार शंकर महादेवन ने कहा कि आज हर भारतीय दुखी है और उनकी अद्भुत आवाज पूरी दुनिया में गूंजती रहेगी।प्रमुख क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने भी दिग्गज पार्श्व गायिका के निधन पर शोक व्यक्त किया।भारतीय पार्श्व गायन की अद्वितीय रानी आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें कल शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मृत्यु बॉलीवुड संगीत के एक युग का अंत है दृ उनका करियर आठ दशकों से अधिक समय तक फैला रहा और उन्होंने विभिन्न भाषाओं में 12,500 से अधिक गाने गाए। उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा।उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Leave a comment