Site icon UK NEWS MIRROR

महाराष्ट्र में प्रचंड जीत पर PM ने महायुति को दी बधाई, CM शिंदे को किया फोन

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शिवसेना कार्यसमिति की बैठक आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को महायुति सहयोगियों के साथ सरकार गठन पर चर्चा के बारे में निर्णय लेने के सभी अधिकार दिए गए। विधायक दल के नेता, पार्टी के मुख्य सचेतक और विधायक दल के अन्य पदाधिकारियों पर निर्णय लेने के सभी अधिकार उन्हें दिए गए, यह निर्णय सभी कार्यसमिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से लिया। यह प्रस्ताव नरेश म्हस्के ने रखा और कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।
शिवसेना नेता मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- मैंने वर्ली में यूबीटी की सबसे मजबूत टीम का सामना किया- 1 पूर्व सीएम, 1 पूर्व कैबिनेट मंत्री, 1 पूर्व केंद्रीय मंत्री, 1 सांसद, 1 विधायक, 2 एमएलसी और 3 पूर्व मेयर। एनएनसी की तरफ से महायुति के 19,367 वोटों को विभाजित करने के बावजूद, हमने एक बिंदु पर बढ़त बनाई और 2019 में आदित्य ठाकरे के अंतर को 67,427 से घटाकर 8,801 कर दिया। लेकिन ‘जलवायु परिवर्तन मंत्री’ की तरफ से मतपत्र मांगना वास्तव में विडंबनापूर्ण है! महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर में अपने आवास पहुंचे। उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि पचास साल बाद किसी पार्टी या गठबंधन को इतना बड़ा जनादेश मिला है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीत ऐतिहासिक है। जनता उन्हें चुन रही है, जिनके लिए देश पहले है।
महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा, यह पहली बार नहीं है जब मैं ईवीएम का मुद्दा उठा रहा हूं। मैं इस मुद्दे को साल 2000 से उठा रहा हूं। मैंने लोकसभा चुनावों के दौरान भी ईवीएम पर सवाल उठा च ुका हूं। पूरा प्रशासन उनके (महायुति) हाथों में है और वे ईवीएम का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
भाजपा मुख्यालय पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के बाद इस चुनाव का सबसे बड़ा संदेश एकता है। ‘एक हैं तो सेफ हैं’ देश का महामंत्र बन गया है।उन्होंने कहा, इस बार महाराष्ट्र ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह पिछले पचास वर्षों में महाराष्ट्र में किसी भी पार्टी या चुनाव पूर्व गठबंध की सबसे बड़ी जीत है। यह लगातार तीसरी बार है जब महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को आशीर्वाद दिया है। महाराष्ट्र में भाजपा तीसरी बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को कांग्रेस और उसके सहयोगियों से ज्यादा सीटें मिली हैं। महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने लगातार तीन बार भाजपा को जनादेश दिया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, महाराष्ट्र के नतीजे अप्रत्याशित हैं। पार्टी इस परिणाम के तह में जाकर असली वजहों को समझने की कोशिश कर रही है। हम अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धन्यवाद देते हैं। हम छत्रपति शिवाजी, शाहूजी, फुले और बाबासाहेब आम्बेडकर की विचारधारा के सच्चे द्योतक हैं, लड़ाई लंबी है और हम जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, सभी ने मुझे बधाई दी, मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। मैं महाराष्ट्र की जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद देता हूं। डबल इंजन सरकार यहां काम कर रही थी और यहां विकास कार्य हुए। केंद्र सरकार ने भी हमारा समर्थन किया।

Exit mobile version