नई दिल्ली। यूक्रेन पर शुक्रवार-शनिवार रात रूस के हवाई हमले में चार लोग मारे गए और 20 घायल हुए। इनमें से राजधानी कीव में दो लोग मारे गए और 13 घायल हुए। रूसी मिसाइलों और ड्रोन हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सहयोगी पश्चिमी देशों से एक बार फिर अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टमों की मांग की है।
कीव के मेयर विताली क्लित्सको ने बताया है कि राजधानी पर बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला हुआ। इन हमलों से एक भवन में भीषण आग लग गई लेकिन उसमें किसी के न होने से कोई जनहानि नहीं हुई। पूर्व के निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी हमले में दो लोगों की मौत हुई और सात घायल हुए। यहां पर मिसाइलों और ड्रोन हमलों में कई भवनों और रिहयशी मकानों को नुकसान हुआ है।
