नई दिल्ली। फ्रासं के दौरे पर गई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज पेरिस में बीएनपी पारिबास समूह के कॉर्पोरेट और संस्थागत बैंकिंग के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कार्यकारी अध्यक्ष यान गेरार्डिन से मुलाकात की। इस अवसर पर श्री गेरार्डिन ने कहा कि विश्व के अनेक देश भारत को एक विश्वसनीय निवेश गंतव्य मानते हैं और वहां निवेश करने के इच्छुक हैं। उन्होंने डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) में भारत की मजबूती की सराहना भी की। सुश्री सीतारमण ने उन्हें बताया कि सरकार ने विकसित भारत 2047 की दिशा में अपने प्रयासों के तहत बैंकिंग क्षेत्र पर एक समिति का गठन किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने समिति के लिए उनके विचार और सुझाव मांगे और उन्हें बताया कि भारत डीपीआई और खाता एग्रीगेटर प्रणालियों के कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान देते हुए अपने बैंकिंग क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रहा है।
सुश्री सीतारमण ने आज फ्लाइंग व्हील्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन बोगोन से भी मुलाकात की। श्री बोगोन ने फ्लाइंग व्हील्स की वैश्विक स्तर पर चल रही सतत पीपीपी परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फ्लाइंग व्हेल्स भारत को एक प्रमुख केंद्र बनाकर अपने विनिर्माण से संबंधित संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने की योजना बना रही है।सुश्री सीतारमण ने भारत में पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने में फ्लाइंग व्हेल्स की रुचि का स्वागत किया। उन्होंने श्री बोगन को फ्लाइंग व्हेल्स जैसी कंपनी के लिए भारत में मौजूद अवसरों के बारे में जानकारी दी और उन्हें इस क्षेत्र में सक्रिय जीवंत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जीआईएफटी सिटी स्थित भारतीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण और जहाज एवं हवाई वाहन पट्टे और रखरखाव, मरम्मत एवं संचालन (एमआरओ) के ढांचे के बारे में भी बताया, जिसका लाभ कंपनी उठा सकती है।
