नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ मौसम 2026 के लिए फॉस्फेट और पोटैशियम उर्वरकों पर 41 हजार 534 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में आज सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस फैसले से किसानों को रियायती, किफायती और उचित कीमतों पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि यह सब्सिडी खरीफ मौसम 2026 में दी गई सब्सिडी से चार हजार 317 करोड़ रुपये से अधिक है। यह सब्सिडी इस वर्ष पहली अप्रैल से 30 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।
सरकार ने जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण में प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को भी स्वीकृति दी। श्री वैष्णव ने बताया कि इसमें 36 स्टेशन होंगे। इस परियोजना पर 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इस परियोजना का कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड करेगा। इस कॉरिडोर में सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, जयपुर हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, अंबाबारी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख केंद्र शामिल होंगे। इसमें हवाई अड्डे के क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल हैं।
मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड परियोजना की लागत 43 हजार 129 करोड़ रुपये से बढ़ाकर उनासी हजार 459 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दे दी है। श्री वैष्णव ने कहा कि देश की बढ़ती ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल आवश्यकताओं को देखते हुए यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इस परियोजना से पेट्रोकेमिकल क्षेत्र की आयात पर निर्भरता कम होगी।
समिति ने अरुणाचल प्रदेश में कमला जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को भी मंजूरी दी। यह परियोजना 96 महीने में पूरी होगी। इससे अरुणाचल प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होगा।
