Site icon UK NEWS MIRROR

सरकार ने प्याज़ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू की

नई दिल्ली। सरकार ने आने वाले महीनों में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मौसमी कीमतों को कम करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की नियंत्रित और लक्षित बिक्री शुरू कर दी है। उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे ने आज नई दिल्ली के कृषि भवन से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए प्याज की खुदरा बिक्री वाले वाहनों को रवाना किया।

सरकार के मूल्य स्थिरीकरण बफर स्टॉक का प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर एन.सी.सी.एफ, नेफेड और केंद्रीय भंडार के बिक्री केंद्रों तथा दिल्ली में मोबाइल वैन के माध्यम से बेचा जा रहा है।  निधि खरे ने कहा कि सरकार हर वर्ष यह सुनिश्चित करती है कि प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी होने पर खुदरा हस्तक्षेप के माध्यम से लोगों को रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि देश में प्याज के उत्पादन या उपलब्धता की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, आने वाले महीनों में घरेलू मांग पूरी करने के लिए प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है। वर्ष 2025-26 में प्याज का उत्पादन 307 लाख मीट्रिक टन से अधिक रहने का अनुमान है।

Exit mobile version