नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने नीट-यूजी-2026 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी रसायन विज्ञान के लेक्चरर हैं और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एन.टी.ई. की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे। प्रश्नपत्रों तक उनकी पहुंच थी। एजेंसी ने पिछले 24 घंटों में देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मोबाइल फोन जब्त किए।
सीबीआई ने बताया कि कल गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए पुणे की अदालत में पेश किया जा रहा है और उन्हें दिल्ली की अदालत में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से तीन जयपुर से, एक गुरुग्राम से और एक नासिक से हैं। सभी आरोपियों को दिल्ली की अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। सीबीआई ने 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर नीट-यूजी-2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को दर्ज किया है।
