Site icon UK NEWS MIRROR

सेबी ने म्यूचुअल फंड को रिडेम्पशन के दौरान अस्थायी नकदी कमी से निपटने के लिए इंट्रा-डे उधार की अनुमति दी

नई दिल्ली। सेबी ने म्यूचुअल फंडों को रिडेम्पशन के दौरान अस्थायी नकदी कमी से निपटने के लिए इंट्रा-डे उधार की अनुमति दी। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड- सेबी ने एक परिपत्र जारी किया है जिसमें म्यूचुअल फंडों को निवेशकों के रिडेम्पशन की प्रक्रिया के दौरान होने वाली अस्थायी नकदी विसंगतियों को दूर करने के लिए इंट्रा-डे उधार लेने की अनुमति दी गई है।

म्यूचुअल फंडों को आम तौर पर स्कीम की शुद्ध परिसंपत्तियों के 20 प्रतिशत तक अधिकतम छह महीने की अवधि के लिए उधार लेने की अनुमति होती है, ताकि रिडेम्पशन भुगतान, आय वितरण या कुछ लेन-देनों के निपटान जैसी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। हालांकि, यह 20 प्रतिशत उधार सीमा इंट्रा-डे उधार पर लागू नहीं होगी, बशर्ते वे सेबी द्वारा निर्धारित विशिष्ट शर्तों का अनुपालन करें।

सेबी ने स्पष्ट किया है कि इंट्रा-डे उधार का उपयोग केवल यूनिटों की पुनर्खरीद या रिडेम्पशन, या यूनिट धारकों को ब्याज या आय वितरण और पूंजी निकासी भुगतान के लिए किया जा सकता है।

नियामक ने इंट्रा-डे उधार की राशि भी निर्धारित की है। यह केंद्र सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक और क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से उसी दिन देय गारंटीकृत प्राप्तियों से अधिक नहीं होनी चाहिए। नई व्‍यवस्‍था पह‍ली अप्रैल से प्रभावी होगी।

Exit mobile version