Site icon UK NEWS MIRROR

होली पर बदली रहेंगी टाइमिंग, रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें

नई दिल्ली: होली के त्योहार पर यदि आप अपने रिश्तेदारों या दोस्तों से मिलने के लिए सार्वजनिक परिवहन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले बदली हुई टाइमिंग जरूर देख लें। दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो, डीटीसी बस और नमो भारत की सेवाओं में अस्थायी बदलाव हुआ है। वहीं रेलवे की ओर से यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन भी किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के अनुसार होली के दिन बुधवार को दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन सुबह संचालित नहीं होगी। सुबह से शाम 5 बजे तक सेवाएं बंद रहेंगी और शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक ट्रेनें चलाई जाएंगी। सामान्य दिनों में यह सेवा रविवार समेत पूरे सप्ताह सुबह 6 बजे से शुरू होती है, लेकिन होली के कारण इसमें बदलाव किया गया है। इसी तरह दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने बताया है कि होली के दिन दोपहर 2:30 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी। दोपहर ढाई बजे के बाद सभी कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन सामान्य रूप से शुरू होगा और शेष दिन नियमित समय-सारणी के अनुसार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
डीएमआरसी के अनुसार यह कदम कर्मचारियों को त्योहार मनाने का अवसर देने के लिए उठाया गया है। वहीं दिल्ली परिवहन निगम ने भी बस सेवाओं में बदलाव किया है। होली के दिन पहली शिफ्ट में बसों का संचालन नहीं होगा। दोपहर 2 बजे के बाद बसों की आउट रोडिंग की जाएगी, हालांकि शुरुआत में केवल लगभग 25 प्रतिशत बसें ही सड़कों पर उतरेंगी। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी रूट पर यात्रियों का दबाव बढ़ता है तो फेरे बढ़ाए जाएंगे।

Exit mobile version