नई दिल्ली: इस वर्ष लाल किले पर आयोजित होने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुछ खास मेहमान भाग लेंगे। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बाल देखभाल संस्थानों के लड़के-लड़कियां, पीएम केयर्स यजोना से मदद पाने वाले बच्चे और वन-स्टॉप केंद्र के कर्मचारी शामिल होंगे।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने बताया कि ये लोग देशभर से चुने गए 171 ऐसे लोग हैं, जिन्होंने देशभर में महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने में खास योगदान दिया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, इन खास मेहमानों का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि उन्होंने देश के दूर-दराज और गरीब इलाकों में भी जरूरी सेवाएं पहुंचाने और महिलाओं व बच्चों के लिए बेहतर मौके बनाने में अहम भूमिका निभाई है। बुधवार से शनिवार तक नई दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान, यह समूह संसद भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय, कर्तव्य पथ और अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सच्चा राष्ट्र निर्माण महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के पालन-पोषण से शुरू होता है। उन्होंने आगे कहा, ‘ये खास मेहमान इस विश्वास के जीवंत उदाहरण हैं। जमीनी स्तर पर अपने निस्वार्थ कार्य के माध्यम से, वे अनगिनत परिवारों के लिए आशा, सम्मान और अवसर लेकर आते हैं। इस स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें सम्मानित करना, एक मजबूत और अधिक समावेशी भारत के निर्माण के प्रति उनके समर्पण का जश्न मनाने का हमारा तरीका है।’ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इन खास मेहमानों को ‘परिवर्तन का अग्रदूत’ बताया है, जिनकी प्रतिबद्धता और सेवा एक अधिक समावेशी राष्ट्र के निर्माण के प्रयासों को प्रेरित करती रहती है।
