व्‍यस्‍ततम रेल लाइनों को चार लेन में बदलने की दिशा में काम किया जा रहा है: रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव

नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि व्‍यस्‍ततम रेल लाइनों को चार लेन में बदलने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्‍होंने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में बताया कि देश में सात व्‍यस्‍ततम रेल मार्ग हैं जो तकरीबन 11 हजार किलोमीटर तक फैले हैं। उन्‍होंने बताया कि दिल्‍ली-हावड़ा, हावड़ा-चेन्‍नई, चेन्‍नई-मुंबई, मुंबई-दिल्‍ली, दिल्‍ली-चेन्‍नई, मुंबई-हावड़ा और दिल्‍ली-गुवाहाटी सात व्‍यस्‍ततम रेल मार्ग हैं।

श्री वैष्‍णव ने कहा कि इन सात मार्गों पर तकरीबन 41 प्रतिशत रेल यातायात है और इनमें रेल नेटवर्क का हिस्‍सा 16 प्रतिशत है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इन रेल मार्गों का विस्‍तार महत्‍वपूर्ण है। इससे और ज्‍यादा क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी और यात्री तथा मालवहन यातायात में वृद्धि होगी। उन्‍होंने सड़क यातायात की तुलना में रेल यातायात के पर्यावरणीय तथा आर्थिक लाभों का भी उल्‍लेख किया।

श्री वैष्‍णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में इन प्रमुख रेल मार्गों को चार लेन करना रेल क्षमता बढ़ाने, यातायात लागत घटाने और स्‍वच्‍छ आवागमन के प्रयासों का हिस्‍सा है।

Leave a comment