Site icon UK NEWS MIRROR

CM धामी का ऐलान! उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट, इन शहरों को मिलेगा लाभ

20 नए छठ घाट

खटीमा। उत्तराखंड में छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित 14वें दीपावली मेले के दौरान प्रदेश में 20 नए छठ घाटों के निर्माण की घोषणा की। इस पहल से छठ पर्व मनाने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित दीपावली मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जिले के आठ शहरों में छठ घाट बनाने की घोषणा की। इनमें काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा शामिल हैं।

देहरादून से चंपावत तक विकसित होंगे छठ घाट

मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के अलावा देहरादून और चंपावत जिले में भी छठ पूजा स्थलों के विकास की घोषणा की। देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट और विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के किनारे छठ घाट बनाए जाएंगे। वहीं, चंपावत जिले के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित किया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह केदारखंड में चारधाम और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, उसी तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का भी पुनर्निर्माण एवं विकास किया जा रहा है।

Also Read: केदारताल में 8 लोग लापता, SDRF की हवाई तलाश तेज!

3 हजार करोड़ की लागत से आगे बढ़ रहे गंगा और शारदा कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का काम लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडी की स्थापना की गई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version