नई दिल्ली। इंडियन फार्माकोपिया कमीशन-आईपीसी, गाजियाबाद ने बिहार राज्य फार्मेसी परिषद, महाराष्ट्र राज्य फार्मेसी परिषद और मिजोरम राज्य फार्मेसी परिषद के साथ तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि इस कदम का उद्देश्य देश भर में औषधि सुरक्षा को मजबूत करना और औषधियों के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देना है। मंत्रालय ने कहा है कि इन समझौता ज्ञापनों का उद्देश्य आईपीसी और राज्य फार्मेसी परिषदों के बीच औषधियों के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देने, फार्माकोविजिलेंस गतिविधियों को बढ़ाने और संबंधित राज्यों में रोगी सुरक्षा पहलों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों को मजबूत करना भी है। मंत्रालय ने यह भी कहा हे कि इन समझौता ज्ञापनों में लक्षित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से औषधि सुरक्षा, फार्माकोपियल मानकों और रोगी सुरक्षा के बारे में आम जनता और पेशेवरों की जागरूकता को मजबूत करने की परिकल्पना भी की गई है। इंडियन फार्माकोपिया कमीशन स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्था है।
