डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक स्थापित करना ही सच्ची श्रद्धांजलि’; खरगे ने गृह मंत्री से की अपील

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद अब उनके अंतिम संस्कार और राष्ट्रीय राजधानी में स्मारक स्थापित करवाने की तैयारियां हो रही हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से फ़ोन पर बात करके व एक पत्र लिख कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से पुरज़ोर अनुरोध किया कि भारत के सपूत सरदार मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार व स्मारक स्थापित करना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जानकारी साझा की गई है, कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11:45 बजे निगमबोध घाट श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने शुक्रवार को एक संदेश में कहा, ‘सरकार ने निर्णय लिया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार 28 दिसंबर, 2024 को सुबह 11:45 बजे निगमबोध घाट, नई दिल्ली में होगा।’ इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पूरे सैन्य सम्मान के साथ राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a comment