देश में भीषण गर्मी और लू का कहर तेज, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 95 भारत के

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 95 शहर भारत में हैं। कई स्थानों पर तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली, लखनऊ, नागपुर, अकोला, भुवनेश्वर और भोपाल जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लंबे समय तक गर्मी रहने से हीट स्ट्रोक, पानी की कमी और बिजली की खपत बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने कल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने इसके बाद अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर और बिहार में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।
विभाग ने कल पश्चिम बंगाल, झारखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी गरज के साथ तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, केरलम, माहे और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

Leave a comment