पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार और तेज हुआ; विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लगातार रैलियों में जुटे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नमो ऐप के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ संवाद अभियान के तहत तमिलनाडु के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्‍होंने कहा कि तमिलनाडु में नया माहौल उभर रहा है और लोग राज्य में बदलाव की उम्मीद के साथ भाजपा तथा एनडीए की ओर देख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों का कल्याण भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्‍होंने कहा कि केंद्र में एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद से रेलवे, राजमार्ग, बंदरगाहों तथा हवाई अड्डों से संबंधित कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं और राज्य में इन पर तेजी से काम चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यम वर्ग के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल को घुसपैठ मुक्त बनाने पर जोर दिया है। उन्‍होंने राज्य की जनता से विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील की है । ​​श्री अमित शाह ने आज पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने घुसपैठ रोकने के लिए कांटेदार तार की बाड़ लगाने के लिए 600 एकड़ जमीन उपलब्ध नहीं कराई है। श्री अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर जमीन सीमा सुरक्षा बल को सौंप दी जाएंगी।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के तहत नामों को हटाने के लिए भाजपा की कड़ी आलोचना की। ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्धमान के रघुनाथपुर में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा में भाग लिया। उन्होंने बांकुरा जिले में भी जनसभा को संबोधित किया और रोड शो किया।
तमिलनाडु में डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने तिरुनेलवेली निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार किया। उन्‍होंने मतदाताओं से पार्टी के विकास एजेंडे का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने कई प्रमुख चुनावी वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, छात्रों और किसानों की कल्याणकारी योजनाओं से पूरे राज्‍य को लाभ हुआ है।

Leave a comment