पीएम ने लिया बिजली महादेव रोपवे विवाद का संज्ञान, कमेटी गठित

कुल्लू : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिजली महादेव रोपवे के विवाद को हल करने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी में अरुण सिंह और महेंद्र पांडे शामिल हैं।
नड्डा की अध्यक्षता में तीन नवंबर को नई दिल्ली में इस मामले को लेकर बैठक बुलाई गई है, जिसमें रघुनाथ जी के मुख्य छड़ीबरदार पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और रोपवे संघर्ष समिति के सदस्य भी शामिल होंगे। महेश्वर सिंह ने बताया कि मनाली में हुई जगती में देवी-देवताओं की ओर से रोपवे को लेकर जताए गए विरोध की बात वह बैठक में रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिजली महादेव रोपवे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संज्ञान लिया है और पीएमओ इस पर पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं का सम्मान करते हुए रोपवे निर्माण को रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 3 नवंबर को किन्हीं कारणों से बैठक नहीं हो पाती है तो नई तिथि तय की जाएगी। महेश्वर सिंह ने बताया कि वह प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे।

Leave a comment