ढाका: बांग्लादेश की नई बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) नेतृत्व वाली सरकार ने देश में बढ़ती मॉब हिंसा, हत्याओं और अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मॉब कल्चर किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के वरिष्ठ मंत्री और बीएनपी महासचिव मिर्ज़ा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि कानून-व्यवस्था बहाली सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन मॉब हिंसा पर काबू पाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।
पिछले कुछ महीनों में बांग्लादेश में मॉब लिंचिंग और भीड़ द्वारा हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार जनवरी 2026 में ही 21 लिंचिंग और 28 भीड़ हमलों की घटनाएं दर्ज की गईं। अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर हिंदू समुदाय, पर हमलों के कई मामले सामने आए हैं। विभिन्न रिपोर्टों में 2025 के दौरान सैकड़ों सांप्रदायिक हमलों, हत्याओं और मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाओं का उल्लेख किया गया है। देश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद हालात बदले। अंतरिम शासन के दौरान भी हिंसा और हमलों की घटनाएं सामने आईं।
