नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत सुदर्शनी ने अमरीका के न्यूयॉर्क में अपनी यात्रा पूरी की। यह चल रहे लोकायन 2026 समुद्री अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि प्रशिक्षण पोत सुदर्शनी की इस यात्रा ने भारत की समृद्ध समुद्री विरासत को प्रदर्शित किया और भारत तथा अमरीका के बीच रणनीतिक और सांस्कृतिक साझेदारी को और मजबूत किया।
लोकायन 2026 अभियान के तहत इसने भारतीय नौसेना के मित्रता, समुद्री सहयोग और सद्भावना के संदेश को समुद्र पार पहुंचाया। भारतीय नौसेना की 10 महीने की समुद्री तैनाती के तहत स्वदेशी रूप से निर्मित तीन मस्तूल वाले इस पोत ने अंतर्राष्ट्रीय नौसेना समीक्षा 250 और सेल – 250 समारोहों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। ये समारोह अमरीका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए थे।
इस इस समुद्री यात्रा में एक प्रमुख आकर्षण आईएनएस सुदर्शनी की शानदार परेड ऑफ सेल में भागीदारी थी। इस दौरान पोत ने स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के पास से गुजरते हुए और हडसन नदी के किनारे भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को गर्व से फहराते हुए यात्रा की।
