नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले बारह वर्षों में किए गए मजबूत राजकोषीय प्रबंधन ने भारत को आर्थिक स्थिरता बनाए रखते हुए किसानों, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यमों और समाज के कमजोर वर्गों का समर्थन करने में सक्षम बनाया है। मुंबई में आज आयोजित सिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026 को वर्चुअल माध्यम से संबोधन करते हुए श्री गोयल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र से ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद भारत ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा संकट का सफलतापूर्वक सामना किया है।
विनिर्माण, व्यापार करने में सुगमता और वैश्विक व्यापार में भागीदारी को मजबूत करने के सरकार के निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले चार वर्षों में 38 विकसित देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि ये समझौते बाजार पहुंच का विस्तार करके, व्यापार को सुगम बनाकर और विदेशी निवेश आकर्षित करके भारत की विकास गाथा को आगे बढ़ाते हैं।
वैश्विक निवेशकों को भारत के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित करते हुए गोयल ने कहा कि सरकार लगभग 3 दशमलव 5 अरब अमरीकी डॉलर की लागत से देश में 100 औद्योगिक पार्क विकसित करने की योजना बना रही है।
