नई दिल्ली। श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मंगलवार को देशभर में लगभग छह सौ 68 करोड़ रुपये की लागत वाली सात कर्मचारी राज्य बीमा-ईएसआई स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं में तेलंगाना के सनतनगर में ईएसआईसी अस्पताल का नया ओपीडी ब्लॉक, असम के बेल्टोला में उन्नत 200 बिस्तरों वाला ईएसआईसी अस्पताल, तमिलनाडु के श्रीपेरुम्बुदुर में 100 बिस्तरों वाला ईएसआईसी अस्पताल,
आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में ईएसआईसी अस्पताल, गुजरात के सुरेंद्रनगर में ईएसआई औषधालय और शाखा कार्यालय और कोटा के उद्योग नगर में ईएसआई औषधालय और शाखा कार्यालय, साथ ही राजस्थान के भवानी मंडी में ईएसआई औषधालय शामिल हैं।
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने बताया कि डॉ. मांडविया सनतनगर में ईएसआईसी अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का शुभारंभ करेंगे, जबकि शेष छह परियोजनाओं का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि ये स्वास्थ्य सुविधाएं देशभर में लगभग 53 लाख लाभार्थियों की चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करेंगी।
इस अवसर पर डॉ. मांडविया राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने सनतनगर के ईएसआईसी अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक के विकास में अपना योगदान दिया है। श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।
