संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से मॉनसून सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की

नई दिल्ली।  केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से आग्रह किया है कि वे संसद के आगामी मॉनसून सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करे। मीडिया से बातचीत में श्री रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस मॉनसून सत्र के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने में योगदान और सहयोग करें। उन्‍होंने कहा कि संसद सभी की है और इस दौरान सरकार विभिन्न विधायी कार्य करेगी और विधेयक प्रस्‍तुत करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्य रचनात्मक रूप से इसमें भाग लेंगे। श्री रिजिजू ने कहा कि संसद जितनी कुशलता से काम करेगी, देश के लिए उतना ही अच्छा होगा।

उन्होंने विपक्ष के नेताओं को याद दिलाया कि पूर्व में लगातार व्यवधानों के कारण संसद चलाना काफी कठिनाई भरा रहा है। श्री रिजिजू ने कहा कि हंगामा करने से कोई मकसद पूरा नहीं होता और जनता इसे पसंद नहीं करती। उन्होंने कहा कि देश के नागरिक चाहते हैं कि संसद सुचारू रूप से काम करे। श्री रिजिजू ने कहा कि यह बार-बार साबित हो चुका है कि संसद में व्यवधान डालने से कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की बात सुनने को तैयार है और उसे उम्मीद है कि विपक्ष भी सरकार की बात सुनेगा। उन्‍होंने कहा कि सदन में व्यवधान डालने से सभी का समय बर्बाद होता है और करदाताओं का पैसा भी व्यर्थ हो जाता है।

Leave a comment